घनसाली (टिहरी)। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दो दिसंबर को घनसाली में होने वाले बहुउद्देशीय शिविर की तैयारियों में प्रशासनिक अमला जुट गया है।
शिविर में जन समस्याओं के साथ ही सरकार की योजनाओं की जानकारी के अलावा सामान्य न्यायिक जानकारियां भी दी जाएगी। शिविर का शुभारंभ उच्च न्यायालय के जज करेंगे। शिविर की तैयारियों के लिए प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी दिनरात कार्य करने में जुटें हैं। ब्लॉक मुख्यालय में सफाई से लेकर भवनों का रंग रोगन और मरम्मत कार्य किया जा रहा है। वहीं लोनिवि भी टिहरी बाईपास मार्ग से ब्लॉक सभागार तक की सड़क पर गड्ढे भराई, नाली निर्माण और मरम्मत कार्य करने में लगा हुआ है। नगर पंचायत घनसाली भी मोटर मार्ग की सफाई के अलावा नए कूडे़दानों को लगा रहा है। जल संस्थान सड़कों के किनारे लीकेज, खुली पाइप लाइनों को ठीक करने में लगा है। लोगों का कहना है कि जनता की समस्याओं का किसी से कोई लेना-देना नहीं है। अचानक शिविर लगने से नगर पंचायत क्षेत्र में सारे कार्य जोरों पर चलने लगे हैं। जबकि अन्य विभाग भी हाईकोर्ट के डर से यह कार्य निबटा रहे हैं। कहा कि विभागों को चाहिए ब्लॉक के दूरस्थ क्षेत्रों में भी जरूरी कार्य किए जाए।