नैनबाग (टिहरी)। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज सुभाष राणा अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में मुख्य निर्णायक होंगे। आस्ट्रेलिया में एक से 10 नवंबर तक होने वाली शूटिंग प्रतियोगिता के तहत 25 मीटर शूटिंग रेंज में मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाने वाले वह अकेले भारतीय होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सुभाष राणा 35 सदस्यीय भारतीय दल के साथ आस्ट्रेलिया पहुंच गए हैं। सुभाष उत्तराखंड के पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय रायफल संघ के अध्यक्ष निशानेबाज नारायण सिंह राणा के बेटे और गोल्डन ब्वाय पद्मश्री जसपाल राणा के छोटे भाई हैं। टिहरी जिले के नैनबाग क्षेत्र के चिलामू गांव के मूल निवासी राणा परिवार ने अपनी प्रतिभा के दम पर नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया में अपनी जगह बनाई है। वर्तमान में एनएस राणा, उनके बड़े बेटे पद्मश्री जसपाल राणा, छोटे बेटे सुभाष राणा और बेटी सुषमा राणा एसोसिएशन की मुख्य कार्यकारिणी में शामिल हैं। राजपुर के विधायक खजान दास ने सुभाष राणा की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर कर कहा कि उन्होंने पूरे देश और विदेश में शूटिंग प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन किया है।