नई टिहरी। स्कूल से घर लौटते वक्त आली गांव का एक छात्र कोटेश्वर बांध की झील में डूब गया। पुलिस के तीन घंटे तक झील में सर्च अभियान चलाने के बाद भी छात्र का पता नहीं चल सका है। आली गांव निवासी वीरेंद्र पंत का पुत्र शंकर पंत (15 वर्ष) कोटेश्वर इंटर कालेज में 9वीं कक्षा का छात्र है। बृहस्पतिवार को शंकर अपने छोटे भाई जय किशन और अन्य साथियों के साथ स्कूल से लौट रहा था, तभी कोटेश्वर-आली रोड से वह अचानक कोटेश्वर डैम से 100 मीटर दूरी पर झील में जा गिरा। सूचना पर कोतवाली निरीक्षक सुंदरम शर्मा और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तीन घंटे तक झील में रेस्क्यू आपरेशन चला, लेकिन छात्र का कुछ पता नहीं चल पाया। शंकर के झील में डूबने की सूचना पर आली गांव में मातम पसर गया। उसका पिता पुलिस में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। ब्यूरो