केदारनाथ में भारी बर्फबारी के बीच कार्यदायी संस्थाओं के सभी मजदूर गौरीकुंड, सोनप्रयाग लौट आए हैं। धाम में अब पुलिस टीम व कुछ साधु-संत मौजूद हैं।
बीते मंगलवार व बुधवार को दिनभर बर्फबारी से केदारनाथ में तीन फीट से अधिक बर्फ जमा हो चुकी है। बर्फ के चलते यहां पानी की लाइन भी जम गई है। साथ ही बिजली सप्लाई भी बाधित हुई है। बर्फबारी के कारण धाम में कड़ाके की ठंड से पुनर्निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो चुके हैं। कार्यदायी संस्था डीडीएमए के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि केदारनाथ में खराब मौसम व बर्फ के चलते वहां मौजूद 35 मजदूरों को बुला लिया गया है। जबकि 50 मजदूर दस दिन पहले ही आ गए थे। उन्होंने बताया कि बर्फ पिघलने के बाद ही पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो पाएंगे। इधर, कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी डेढ़ फीट से अधिक बर्फ के चलते दुगलबिट्टा से आगे आवाजाही बंद है।