जखोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत बुढ़ना के एकलिंग गांव की 44 वर्षीय महिला को भालू ने बुरी तरह से घायल कर दिया। महिला को ग्रामीणों द्वारा सीएचसी जखोली लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। शुक्रवार को सुबह गुड्डी देवी पत्नी अवतार सिंह अन्य महिलाओं के साथ अपने पालतू पशुओं के लिए घास लेेने जंगल गई हुई थी। घास काटने के दौरान वहां झाड़ियों में छिपे भालू ने महिला पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य महिलाएं मौके पर पहुंची और जोर-जोर से शोर मचाने लगीं जिससे भालू भाग गया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। घायल को ग्रामीणों द्वारा निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली लाया गया। सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र नैथानी व अनिल रावत ने वन विभाग से पीड़िता को मुआवजा देने की मांग की है। संवाद