केदारघाटी के राजकीय इंटर कॉलेज ल्वारा में रिक्त पदों की पूर्ति को लेकर ग्रामीणों ने जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अभाव में विद्यालय में पठन-पाठन के साथ विभागीय कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। डीईओ माध्यमिक को सौंपे ज्ञापन में पूर्व पीटीए अध्यक्ष महेश चंद्र बगवाड़ी व सामाजिक कार्यकर्ता शिव प्रसाद बगवाड़ी का कहना है कि जीआईसी ल्वारा में प्रवक्ता संवर्ग में अंग्रेजी व भौतिकी व एलटी में गणित का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ व कनिष्ठ लिपिक के पद भी खाली पड़े हैं। उन्होंने छात्र व विद्यालय हित में रिक्त पदों की पूर्ति की मांग की है।