रानीगढ़ क्षेत्र के गांवों को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन क्वांली-तोरियाल-गडगू मोटर मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश से यहां कई खेतों व गोशाला में मलबा घुस रहा है, जिससे खतरा बना हुआ है। निर्माणाधीन सड़क का मलबा बारिश में गांवों की तरफ बह रहा है। रणवीर सिंह, दलवीर सिंह, विक्रांत चौधरी ने बताया कि सड़क का मलबा घरों, खेतों व गोशाला में घुस रहा है। बीते दिनों बारिश के दौरान मलबे से एक काश्तकार की गोशाला भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण अनियोजित तरीके से हो रहा है। इसका खामियाजा ग्रामीण भुगत रहे हैं। कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क कटिंग का मलबा वन क्षेत्र में जगह-जगह डंप किया गया है। इससे बारिश में बस्ती क्षेत्र के लिए खतरा बना हुआ है। उत्तराखंड क्रांतिदल के जिला उपाध्यक्ष मोहित डिमरी ने प्रशासन व लोक निर्माण विभाग से सड़क निर्माण से हो रही क्षति का प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा देने की मांग की है।