शिव-पार्वती की विवाह स्थली त्रियुगीनारायण मंदिर को भव्य रूप दिया जाएगा। जर्जर मंदिर की मरम्मत व सौंदर्यीकरण के लिए बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने कवायद शुरू कर दी है। मंदिर की छत और झालर को बदला जाएगा।
शनिवार को त्रियुगीनारायण पहुंचकर बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर को विकसित किया जाएगा। मंदिर में शिव-पार्वती विवाह मंडप, सूर्य कुंड, भोग मंडी, चारदीवारी और परिसर में स्थापित छोटे-छोटे मंदिरों का जीर्णोद्धार के लिए पुरातत्व विभाग से सलाह लेकर योजना बनाई जाएगी। अध्यक्ष ने बताया कि मंदिर की तीन तरफ की दीवारों को पीछे खिसका कर परिसर का विस्तार दिया जाएगा। इस मौके पर विनोद देवशाली, राय सिंह राणा, आशीष नौटियाल, सहायक अभियंता गिरीश देवली, अवर अभियंता विपिन कुमार, रजनीश गैरोला, मठापति परशुराम गैरोला, प्रबंधक अजय शर्मा आदि मौजूद थे।