ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन बेडूबगड़ बाईपास के निर्माण की मांग को लेकर नगर व्यापार मंडल अगस्त्यमुनि ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यापार मंडल ने आगामी एक सितंबर तक बाईपास को लेकर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर 2 सितम्बर से बाजार बन्द करते हुए धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। कहना है कि कई वर्षों से व्यापार कर रहे व्यापारियों को जबरन हटाने का प्रयास किया जा रहा है। अगर, बाईपास बन जाता, तो व्यापारियों को हटाने की नौबत नहीं आती।
जिलाधिकारी डा. सौरभ गहरवार से भेंट करते हुए नगर व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अगस्त्यमुनि में 40 से अधिक व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस दिया गया है। प्रशासन व एनएच की इस कार्रवाई से संबंधित व्यापारी परेशान हैं। कहा कि चारधाम सड़क परियोजना के अंतर्गत अगस्त्यमुनि-बेडूबगड़ बाईपास निर्माण की स्वीकृति मिली थी, जिस पर 70 फीसदी से अधिक कार्य हो चुका है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा हिल कटिंग पर रोक के चलते लंबे समय से कार्य ठप पड़ा है। बाईपास निर्माण संघर्ष समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न नेगी ने बताया कि भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत प्रस्तावित बाईपास की उचित पैरवी नहीं की गई, जिस कारण यह स्थिति पैदा हुई है। बाईपास का निर्माण अधिकांश नाप भूमि पर हो रहा है। एनएच द्वारा प्रभावितों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। शेष वन भूमि क्षेत्र में पहले ही कटिंग की जा चुकी है। अब, बाईपास निर्माण में कोई दिक्कत नहीं होने के बाद भी काम ठप पड़ा है। ज्ञापन में व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन बिष्ट, महामंत्री त्रिभुवन नेगी, कोषाध्यक्ष मनोज चौहान, जिला महामंत्री मोहन रौतेला, बाईपास निर्माण समिति के भूपेंद्र राणा, विजय बंगरवाल आदि के हस्ताक्षर हैं।