तीन दिनों से दशोली क्षेत्र के हरियाली देवी के जंगल में आग लगी हुई है। यहां धुएं का गुबार उठ रहा है, जो तेजी से जंगल के बड़े भू-भाग तक फैल चुका है। कोट मल्ला, दशोली, कोदिमा आदि गांवों के ग्रामीणों का कहना है कि हरियाली जंगली आबादी क्षेत्र से लगभग आठ किमी दूर है, लेकिन अराजक तत्वों ने वहां भी आग लगाई दी। इधर, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित रेंजर व वन दरोगा को टीम सहित क्षेत्र के निरीक्षण के आदेश दिए गए हैं। इधर, वन विभाग की रुद्रप्रयाग रेंज के नगरासू सिविल क्षेत्र और दक्षिणी जखोली रेंज के रतनपुर के जंगलों में भी आग से तीन हेक्टेयर वन क्षेत्र जल गया है। यही नहीं, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के आसपास के वन क्षेत्रों में भी आग लगी है। वन विभाग कार्यालय से बताया गया कि जिले में एक सप्ताह में आग की 20 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें 60 हेक्टेयर से अधिक जंगल जल चुके हैं।