रुद्रप्रयाग। जनपद में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके तहत जिला मुख्यालय नगर क्षेत्र समेत तिलवाड़ा और अगस्त्यमुनि में प्रशासन की ओर से नालियों, दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को तुरंत खाली कराया गया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशों पर रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा और अगस्त्यमुनि क्षेत्रों में व्यापार सभा, राजस्व, पुलिस विभाग, नगर पंचायत और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की गई थी। अब यहां से अतिक्रमण हटाया गया है। सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संवाद