फाटा। बीकेटीसी में कार्यरत करीब 300 अस्थायी कर्मचारियों के आंदोलन को केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित समाज का भी समर्थन मिला है। कर्मचारियों की वन टाइम सेटलमेंट और स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में केदार सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद शुक्ला और पूर्व महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती ने शासन और मंदिर समिति शीध्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दूरभाष पर बातचीत के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया था कि कर्मचारियों की मांगों को कोर कमेटी की बैठक में रखा गया है। केदार सभा के पूर्व महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती और उमेश पोस्ती ने कहा कि समस्त तीर्थ पुरोहित समाज अस्थायी कर्मचारियों के समर्थन में खड़ा है। उन्होंने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों में केदारनाथ धाम में कर्मचारी प्रतिदिन 20-20 घंटे तक सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक स्थायी नियुक्ति नहीं मिल पाई है। उन्होंने शासन और मंदिर समिति से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करने की मांग की। वहीं बदरी-केदार मंदिर समिति में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों का स्थायीकरण की मांग को लेकर शनिवार में भी क्रमिक अनशन व धरना जारी है। कर्मचारियों ने कहा कि रविवार तक मांग पूरी नहीं होने पर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होगी। अस्थायी कर्मचारियों ने केदारनाथ, गौरीकुंड, त्रियुगीनारायण, गुप्तकाशी, कालीमठ, ऊखीमठ, तुंगनाथ, रुद्रप्रयाग में धरना व क्रमिक अनशन किया।