खादी व ग्रामोद्योग आयोग के सहयोग से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत जाखधार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। मौके पर केदारघाटी में काम कर रहे महिला समूह व उद्यमी काश्तकारों को प्रशिक्षण दिया गया। आयोग के निदेशक रामनारायण ने ग्राम्य विकास की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केदारघाटी में शिवालय, मठ-मंदिर हैं, जिनमें अगरबत्ती, प्रसाद तैयार करने के साथ फूलों की सप्लाई कर क्षेत्र के कई परिवार रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। आयोग के जिला समन्वयक देवेंद्र दत्त जमलोकी ने बताया कि केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए युवाओं को प्रेरित कर रही है। इस मौके पर जिला उद्योग विभाग के गजेंद्र सिंह, मुख्य प्रशिक्षक व आयोजक लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, सुरेंद्र दत्त नौटियाल, महेंद्र, सुभाष रावत समेत महिला समूह केे सदस्य मौजूद थे।