गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर मंदाकिनी नदी के दूसरी तरफ फंसे घायल यात्री समेत दो लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
शुक्रवार दोपहर बाद रामदास पठारे व यशवंत डभारे, निवासी पुणे, महाराष्ट्र केदारनाथ से दर्शन कर लौट रहे थे। दोनों मुख्य पैदल मार्ग (केदारनाथ-गौरीकुंड) के बजाय मंदाकिनी नदी किनारे चलते हुए जल्दी नीचे पहुंचने के प्रयास में रास्ता भटक गए और गरुड़चट्टी के ठीक नीचे नदी किनारे फंस गए। इस दौरान एक यात्री के पैर में काफी चोट आई। सूचना पर लिनचोली से हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। भैरव हिमखंड से मंदाकिनी नदी तक तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद टीम छोटी लिनचोली से नीदी नदी किनारे पहुंची, जहां दो लोग नदी के दूसरी तरफ फंसे हुए थे। दोनों को बाहर निकालकर घायल यात्री को इलाज के लिए सोनप्रयाग भेजा गया। रेस्क्यू टीम में हेड कांस्टेबल प्रेम प्रकाश, नवीन कुमार, रमेश रावत, भूपेंद्र सिंह व प्रीतम शामिल थे।