खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजारों का निरीक्षण करते हुए सात खाद्य उत्पादों के सैंपल लिए। साथ ही लाइसेंस को लेकर कई व्यापारियों को नोटिस थमाते हुए तय समय पर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। कई दुकानों से एक्सपायरी सामान भी नष्ट कराया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज सेमवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने तिलवाड़ा, सिल्ली, अगस्त्यमुनि व विजयनगर बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान 7 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। ये सैंपल रुद्रपुर भेजे जाएंगे। इस दौरान 10 से अधिक दुकानदारों के लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर उन्हें नोटिस देते हुए 15 दिन में जरूरी कार्रवाई पूरी करने को कहा गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने केदारनाथ प्रसाद के प्रमाणीकरण के लिए केदारनाथ प्रसाद सहकारी संघ के साथ बैठक भी की। इस दौरान प्रसाद को शुद्ध व स्वच्छ बनाने पर जोर दिया गया। संवाद