रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे नारायणकोटी में शाम 6 बजे यातायात के लिए हुआ बहाल।
- फोटो : RUDRAPRYAG
नारायणकोटी के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर व मलबा गिरने से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग 9 घंटे बाधित रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड-लोनिवि और कार्यदायी संस्था ने बोल्डर और मलबा साफ कर शाम साढ़े पांच बजे यातायात बहाल कर दिया। वहीं ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर वाहनों का संचालन सुचारु है। शुक्रवार सुबह 9 बजे नारायणकोटी के पास पहाड़ी से अचानक चट्टान का बड़ा हिस्सा टूटकर हाईवे पर जा गिरा। इससे यातायात बाधित हो गया। एनएच व कार्यदायी संस्था ने तुरंत मलबे की सफाई का काम शुरू करवाया। कड़ी मशक्कत के बाद शाम 5.30 बजे हाईवे पर यातायात शुरू हो पाया। एनएच के सहायक अभियंता अनिल बिष्ट ने बताया कि स्थिति को देखते हुए मौके पर एक मशीन रखी गई है।