आमरण अनशन पर बैठे तीर्थ पुरोहित
- फोटो : अमर उजाला
भूस्वामित्व सहित अन्य मांगों को लेकर केदारनाथ में हक-हकूकधारी व तीर्थपुरोहित समाज के दो लोगों ने अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों को लेकर शासन-प्रशासन उचित निर्णय नहीं लेता है उनका आंदोलन जारी रहेगा।
केदार सभा के बैनर तले आपदा प्रभावित लोगों को भू-स्वामित्व दिए जाने की मांग को लेकर तीन दिन से हक-हकूकधारी व तीर्थपुरोहित समाज का आंदोलन जारी है। सोमवार को केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने क्रमिक अनशन को अनशन में तब्दील कर दिया है। इस दौरान संदीप सेमवाल और कमल चंद्र तिवारी अनशन पर बैठे।
उत्तराखंड: तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष पर सजेगी देवदार की लकड़ी से बनी छतरी, जीर्णोद्धार का काम शुरू
प्रभावितों का कहना है कि आपदा के बाद बीते 10 वर्ष से वे भू-स्वामित्व की मांग कर रहे हैं लेकिन शासन-प्रशासन सुध नहीं ले रहा है। तीर्थपुरोहित संतोष त्रिवेदी का कहना है कि बारिश के बाद भी आंदोलनकारी धरने पर डटे हुए हैं लेकिन प्रशासन, पुलिस का किसी भी अधिकारी-कर्मचारी ने उनकी सुध नहीं ली।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के नाम पर खड़े भवनों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है जो सही नहीं है। इस मौके पर उमेश पोस्ती, रमकांत शर्मा, अंकित सेमवाल, पंकज शुक्ला, देवेंद्र शुक्ला, लक्ष्मण तिवारी, प्रवीण तिवारी सहित अन्य तीर्थपुरोहित व हक-हकूकधारी मौजूद थे।