जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में दिनभर पेयजल सप्लाई ठप रही, जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश से पुनाड़ गदेरा का जल स्तर बढ़ गया, जिससे संचालित पेयजल योजना पर पानी की सप्लाई ठप हो गई। सामाजिक कार्यकर्ता शैलेंद्र गोस्वामी, अशोक चौधरी, अधिवक्ता अरूण प्रकाश वाजपेयी, सुरेंद्र सिंह कप्रवाण, मोनी बिष्ट, हरि सिंह बिष्ट, व्यापार संघ के अध्यक्ष चंद्रमोहन शुक्ला आदि का कहना है कि जलसंस्थान को कई बार योजना की स्थायी मरम्मत के लिए कहा गया है। लेकिन स्थिति जस की तस है। इधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि तेज बारिश से गदेरा का जलस्तर बढ़ने से स्रोत से लगे पाइप के अंदर मिट्टी घुसने के कारण सप्लाई को बंद किया गया है। गदेरा में पानी साफ होने पर जलापूर्ति की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। ब्यूरो