रुद्रप्रयाग। जनपद में आगामी तीन माह अक्तूबर से दिसंबर में आयोजित होने वाले तहसील दिवस के लिए रोस्टर जारी किया गया है। प्रत्येक माह के प्रथम व तृतीय मंगलवार को रोस्टरवार तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन किया जाना है। इससे स्थानीय स्तर पर ही क्षेत्रीय समस्याओं का निस्तारण किया जा सकेगा।
अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद की समस्त तहसीलों हेतु तहसील दिवस का रोस्टर जारी किया गया है। बताया कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार माह अक्तूबर के प्रथम मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील ऊखीमठ में तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा। जबकि तृतीय मंगलवार (15 अक्तूबर) को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती की अध्यक्षता में तहसील रुद्रप्रयाग में शिविर लगेगा।
माह नवंबर के प्रथम मंगलवार को तहसील बसुकेदार में एडीएम की अध्यक्षता में और तृतीय मंगलवार (19 नवंबर) को डीएम की अध्यक्षता में तहसील जखोली में तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। दिसंबर माह के प्रथम मंगलवार (तीन दिसंबर) को तहसील ऊखीमठ में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में तथा 17 दिसंबर को तहसील रुद्रप्रयाग में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम व तृतीय मंगलवार को राजकीय अवकाश होने की दशा में आगामी तिथि के मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आगामी माह में होने वाले तहसील दिवस के लिए सभी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के लिए संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं।