सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन ने अटल आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में पेंशन से कटौती पर रोष जताते हुए हेल्थ स्मार्ट कार्ड के माध्यम से पांच लाख तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा देने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह गुसांई, महामंत्री मगनानंद भट्ट व कोषाध्यक्ष रणजीत सिंह करासी ने कहा कि सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों व पेंशनर्स के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा स्वागत योग्य है। लेकिन इसके नाम पर वेतन लेबल ग्रेड पे को आधार मानकर कार्यरत और सेवानिवृत्त कार्मिक से समान दरों पर मासिक कटौती की जा रही है, जो उचित नहीं है। कार्यरत कर्मचारी को उसी ग्रेड पे पर सेवानिवृत्त हुए कार्मिकों से लगभग तीन गुना ज्यादा वेतन मिल रहा है। साथ ही सेवारत कर्मचारी परिवार के 25 आयु वर्ग के सभी बच्चों को भी स्वास्थ्य सुविधा गोल्डन कार्ड पर उपलब्ध है। जबकि सेवानिवृत्त मामले में इसे मात्र पत्नी को ही शामिल किया गया है। संवाद