रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के ओरिंग गांव में डीएम के आदेश के बावजूद दो दिव्यांगों का अंत्योदय-बीपीएल कार्ड नहीं बनाया गया है।
ओरिंग गांव के विक्रम सिंह और ठाकुर सिंह शारीरिक रूप से 60 फीसदी से अधिक असक्षम हैं। आजीविका का कोई जरिया नहीं होने से ये लोग बुजुर्ग माता-पिता व परिजनों पर आश्रित हैं। सामाजिक कार्यकर्ता व किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य नरेंद्र कंडारी ने बताया कि दोनों दिव्यांगों के अंत्योदय-बीपीएल कार्ड बनाने के लिए डीएम एवं सीडीओ को ज्ञापन सौंपा था। तब डीएम ने संबंधित विभाग को दिव्यांगों का अंत्योदय-बीपीएल राशन कार्ड बनाने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन एक वर्ष बाद भी न्याय पंचायत भीरी के ग्राम विकास अधिकारी की ओर से दिव्यांगों को बीपीएल श्रेणी में शामिल नहीं किया गया, जिस कारण उनके कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इधर, मुख्य विकास अधिकारी मनवेंद्र कौर ने बताया कि अगस्त्यमुनि के बीडीओ से संबंधित ग्राम विकास अधिकारी से जानकारी मांगी गई है। ब्यूरो