उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षकों ने एलटी में 30 फीसदी पदोन्नति में हो रही देरी पर रोष जताया है। वर्ष 2019 में विभागीय स्तर पर शिक्षकों की काउंसिलिंग की जा चुकी है लेकिन अब तक पदोन्नति को लेकर विभाग व शासन स्तर पर कार्रवाई नहीं हो पाई है। उत्तराखंड 30 फीसदी एलटी काउंसिलिंग/पदोन्नत मंच ने इस संबंध में विद्यालयी शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर मांगपूर्ति की मांग की है। मंच के मुख्य संयोजक सुजान सिंह बुटोला ने कहा कि वर्ष 2019 में विभागीय स्तर पर कुमाऊं व गढ़वाल मंडल में बेसिक से एलटी 30 फीसदी पदों पर पदोन्नति के लिए विज्ञप्ति निकाली गई थी। शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल विद्यालयी शिक्षा निदेशक व अपर निदेशक से भी भेंट कर चुका है। इस वर्ष शिक्षकों को 15 अगस्त तक बेसिक से एलटी 30 फीसदी पदों पर पदोन्नति का आश्वासन दिया गया था। अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे शिक्षकों में रोष पनप रहा है। संवाद