पंतनगर विवि की छात्रा प्रज्ञा गोस्वामी।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। सार्क देशों के मेधावी शोधार्थियों के लिए बनाए गए जेनेसिस कार्यक्रम के तहत देश के पांच शोधार्थियों का चयन हुआ है। इसमें पंतनगर विवि के कृषि संचार विभाग की शोध छात्रा प्रज्ञा गोस्वामी भी शामिल हैं। प्रज्ञा इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए शनिवार को जापान के लिए रवाना हो गईं। जापान सरकार की ओर से इन शोधार्थियों को जापान के तकनीकी विकास केंद्रों एवं उच्च शिक्षा एवं शोध केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा। विवि में प्रज्ञा ने इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ एमएससी छात्र पुरस्कार जीता था, जो राज्यपाल ने दीक्षांत समारोह में उन्हें प्रदान किया था। प्रज्ञा कृषि संचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शिवेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में शोध कर रही हैं। इस कार्यक्रम के तहत समस्त सार्क देशों से पांच-पांच शोध छात्रों का चयन हुआ है। इन्हें 24 नवंबर से पांच दिसंबर तक जापान का भ्रमण कराया जाएगा। कुलपति डॉ. तेज प्रताप, अधिष्ठाता कृषि डॉ. जे. कुमार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. सलिल तिवारी सहित कृषि संचार विभाग के प्राध्यापकों एवं छात्रों ने प्रज्ञा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।