अगस्त्यमुनि। ब्लॉक मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून की तैयारियों के लिए योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और छात्रों ने प्रतिभाग किया। खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में योग अनुदेशक मनोज नेगी और मंजू नेगी ने लोगों को सामूहिक योगाभ्यास कराया। साथ ही योग के लाभ, दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता के बारे में बताया। चिकित्साधिकारी डाॅ. सुब्रोतो दास और डाॅ. पूजा गैरोला ने योग के नियमित अभ्यास के लिए लोगों को प्रेरित किया। जिला योग नोडल अधिकारी डॉ. नितिन प्रसाद ने बताया कि ब्लॉक के 85 ग्राम पंचायतों के साथ साथ जिले के तीनों ब्लॉकों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में आयुष मेला का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस मौके पर खेल अधिकारी मनोज चौहान, डाॅ. रोहित रावत, डाॅ. प्रेरणा गुसाईं, डाॅ. कृतिका बिष्ट, फार्मासिस्ट बृजमोहन सकलानी आदि मौजूद थे। संवाद