जखोली ब्लॉक के कोट-बांगर में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में ज्योतिषपीठ व्यास आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं ने कहा कि अच्छे कर्मों में धर्म, सत्य का अनुशरण समेत समाज में जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। चतुर्थ दिवस की कथा का वाचन करते हुए व्यास ममगाईं ने कहा कि हमारे ऊपर जो भी कष्ट, विपत्ति आती है, वह हमारे द्वारा किए गए पूर्व जन्मों का फल है। हमें जो भी मिलता है, वह हमारे कर्मों से मिलता है। देवताओं ने भी कर्म को प्रधानता दी है। इस मौके पर उन्होंने श्रीकृष्ण जन्म और भगवान की बाल लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। इस मौके पर जेपी सेमवाल, गुणानंद सेमवाल, भावना सेमवाल, आचार्य रत्नमणी सेमल्टी, मनोज थपलियाल, महावीर मेंगवाल आदि मौजूद थे।