बसुकेदार। विश्व सर्पदंश दिवस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसुकेदार में ग्रामीणों के साथ जागरूकता गोष्ठी की गई। डॉ. शुभम बंगवाल ने ग्रामीणों को सांप के काटने से बचाव और सर्पदंश होने पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सांप के काटने पर घबराना नहीं चाहिए। काटे गए स्थान से मुंह के जरिये खून निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए और प्रभावित हिस्से को कसकर नहीं बांधना चाहिए। सर्पदंश वाले स्थान को कम से कम हिलाने का प्रयास करें और घायल को जल्द अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि कई बार सांप के काटने के लक्षण छह से आठ घंटे बाद भी दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। गोष्ठी में भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री पुष्कर दत्त, फार्मासिस्ट जगदीश चंद्र, बृजमोहन सकलानी, नीलम देवी आदि मौजूद रहे। संवाद