जिलाधिकारी मनुज गोयल ने क्षेत्र पंचायत विकास योजना के लिए मुख्य विकास अधिकारी भरत चंद्र भट्ट को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही तीनों ब्लॉकों में ग्राम पंचायत स्तर पर पर्यवेक्षण, निगरानी एवं समन्वय के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने कहा कि क्षेत्र पंचायत विकास योजना निर्माण एवं क्रियान्वयन के तहत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर ब्लॉक स्तर पर अधिकारी तैनात किए गए हैं, जिसमें जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी अशोक कुमार को मुख्यालय में लायजन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी बसंत मेहता को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा अगस्त्यमुनि में प्रभारी खेल अधिकारी महेशी आर्य व बीडीओ चक्रधर सेमवाल, जखोली में सेवायोजन अधिकारी कपिल पांडेय व बीडीओ टीएस रावत और ऊखीमठ में जिला बचत अधिकारी सूरत लाल व बीडीओ डीसी मैठाणी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र पंचायत विकास योजना निर्माण के लिए प्रत्येक चरण में तकनीकी व प्रशासनिक समर्थन प्राप्त करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। संवाद