जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट की प्रस्तुतियों ने किया मंत्रमुग्ध
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन व समर्पण अभियान के तहत सेवा सप्ताह के अवसर पर ब्लॉक सभागार में रविवार को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दूरस्थ गांवों से आए ग्रामीणों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने की, जबकि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों से संवाद किया।कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में महिला मंगल दलों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि प्रसिद्ध जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट की प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम में भारत भूषण भट्ट, चंडी प्रसाद भट्ट, पंकज शुक्ला, कुब्जा धर्मवाण, राकेश नेगी सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।