सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा की थीम के तहत गुलाबराय मैदान से मोटरसाइकिल रैली आयोजित की गई। इस मौके पर आमजन को सुरक्षित यातायात के बारे में जानकारी दी गई। सीओ जीएल कोहली, कोतवाल केएस बिष्ट व आरआई रामेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित रैली में पुलिस की हिल पेट्रोलिंग टीम समेत स्थानीय लोगों ने भी प्रतिभाग किया। रैली गुलाबराय मैदान से बाईपास होते हुए लोनिवि प्रांतीय खंड कार्यालय तक आयोजित की गई। उधर, कोतवाली सोनप्रयाग में पुलिस द्वारा त्रियुगीनारायण गांव के ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई। गुप्तकाशी में भी पुलिस द्वारा एनजीओ की मदद से वाहन चालकों व आमजन को सुरक्षित यातायात के बारे में जानकारी दी गई। दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने जिलेवासियों, विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों से कोरोना महामारी से बचाव के साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने स्कूटी/मोटरसाइकिल चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने को कहा है। ब्यूरो