रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि में स्थापित नए गोधाम को लेकर सोशल मीडिया पर गोवंशों की ओर से समुचित व्यवस्थाएं न होने संबंधी खबरों को अधिकारियों ने भ्रामक व झूठा बताया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि ने गोधाम का निरीक्षण किया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष रावत ने बताया कि गोधाम में गोवंशों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां साफ-सफाई, भोजन, चारा, पेयजल तथा सुरक्षित आवास की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गोधाम में निवास कर रहे पशुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं है। नगर पंचायत अध्यक्ष अगस्त्यमुनि राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी ने बताया कि गोशाला की व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से चाक-चौबंद हैं। जिला प्रशासन ने सभी से भ्रामक पोस्ट या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की। संवाद