अगस्त्यमुनि ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज बरसूड़ी में प्रवक्ता व सहायक संवर्ग में सात पद खाली हैं। स्थिति यह है कि विद्यालय खुले चार माह बीत चुके हैं लेकिन अभी तक कई महत्वपूर्ण विषयों की किताबें तक नहीं खुल पाई हैं। विद्यालय में प्रशासनिक अधिकारी, दफ्तरी और चतुर्थ श्रेणी में कई पद खाली हैं। ग्रामीणों ने शासन व विभाग से जल्द समस्या हल करने की मांग की है।
राजकीय इंटर कॉलेज बरसूड़ी में 235 छात्र-छात्राएं हैं। इंटर स्तर पर कक्षा 11 व 12 में यहां 89 छात्र-छात्राएं हैं लेकिन यहां कला व विज्ञान वर्ग में प्रवक्ता के पांच पद खाली हैं। ऐसे में अभी तक अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, गणित और रसायन विज्ञान की पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है। छात्र-छात्राएं स्वयं के प्रयास से इन विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं।
वहीं, सहायक संवर्ग में भी गणित व अंग्रेजी का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। ऐसे में कक्षा 6 से 10वीं तक के छात्र-छात्राओं की अंग्रेजी व गणित की पढ़ाई चौपट हो रखी है। अभिभावक लखपत सिंह, दिनेश सिंह नेगी का कहना है कि जिलास्तर पर विभागीय अधिकारियों को कई बार विद्यालय मेें शिक्षकों के रिक्त पदों के बारे में अवगत कराया जा चुका है। साथ ही विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए हैं लेकिन किसी ने भी आज तक सुध नहीं ली है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या हल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रधानाचार्य एलएस धीमान ने बताया कि शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की कमी से व्यवस्थाओं के संचालन में दिक्कत हो रही हैं।