बसुकेदार उप तहसील और जखोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत रायडी के लिए स्वीकृत दो किमी सड़क का निर्माण 16 वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में ग्रामीणों को दो किमी खड़ी चढ़ाई चढ़कर गांव पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
विजयनगर-पठालीधार मार्ग के रायड़ी बैंड से रायड़ी गांव के लिए वर्ष 2005 में दो किमी हल्का वाहन मार्ग स्वीकृत किया गया था। तब लोनिवि ने तीन माह में मार्ग निर्माण कार्य पूरा करने की बात कही थी लेकिन 16 वर्ष बाद भी मार्ग अधूरा है। नरेंद्र सिंह रौथाण ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण निर्माण कार्य शुरू होने के कुछ दिन बाद ही ठप हो गया। जितना मार्ग बना भी वह देखरेख के बिना क्षतिग्रस्त हो गया। ग्राम प्रधान सुषमा रौथाण, पूर्व ग्राम प्रधान वीर सिंह भंडारी, विजयपाल सिंह नेगी, सुनैना देवी, देवेश्वरी देवी, कुंवर सिंह नेगी, वीरेंद्र सिंह, कुंदन सिंह ने संपर्क मार्ग का निर्माण पूरा करने के साथ ही उसे बसुकेदार-दानकोट मार्ग से जोड़ने की मांग की। इधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अजय थपलियाल ने बताया कि वर्ष 2005 में स्वीकृत दो किमी सड़क निर्माण के लिए जो धनराशि जारी हुई थी, उससे वर्तमान दरों पर सिर्फ 500 मीटर ही निर्माण हो पाया है। शेष 1.5 किमी सड़क का निर्माण पूरा करने के लिए रिवाइज इस्टीमेट भेजा जाएगा।