रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को अंतिम देते हुए शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट ने गौरीकुंड क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीओ ने शटल स्टैंड और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पार्किंग और वाहनों की रोटेशन व्यवस्था को दुरुस्त रखने, पैदल मार्ग और घोड़ा स्टैंड पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कतार प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के आवास और खान-पान व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और कहा कि जवानों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर होने से वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा सकेंगे। यात्रा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा की गई और आपात स्थितियों से निपटने के लिए उन्होंने टीम को तैयार रहने को कहा। संवाद