केदार के दर्शनों को आने वाले यात्रियों को गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर भारत संचार निगम की 4जी मोबाइल इंटरनेट सेवा मिलेगी। निगम रामाबाड़ा में हाई फ्रीक्वेंसी का मोबाइल टॉवर स्थापित करेगा। इसके अलावा जिले के तीनों ब्लॉकों में अन्य चार गांवों को भी 4जी इंटरनेट कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा।
भारत संचार निगम रामबाड़ा में 4जी इंटरनेट कनेक्टिविटी मोबाइल टॉवर लगा रहा है। इसके लिए भूमि चिह्नित सहित अन्य औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। टॉवर से जखोली ब्लॉक के लिस्वाल्टा, अगस्त्यमुनि ब्लॉक के महरगांव और ऊखीमठ ब्लॉक के गौंडार और तोषी गांव में भी 4जी कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रामबाड़ा सहित तीनों ब्लॉकों के चार गांवों में 4जी मोबाइल टॉवर लगाए जाने हैं। इस संबंध स्थानीय प्रशासन, ऊर्जा निगम और बीएसएनएल के उप खंड अधिकारी को सभी चिह्नित स्थानों पर भूमि चयन और बिजली सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।