रुद्रप्रयाग। युवाओं और स्वयंसेवकों की भागीदारी से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जिले में आठ अक्तूबर को जेओएसएच (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ अभियान) शुरू होगा। अभियान के तहत युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, पोषण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि अभियान के तहत ब्लॉक और वार्ड स्तर पर जेओएसएच टीमों का गठन किया गया है। ब्लॉक स्तर पर नामित प्रथम श्रेणी अधिकारी टीम का नेतृत्व करेंगे। प्रत्येक टीम में पांच माय भारत वालंटियर्स और पांच एनसीसी कैडेट शामिल किए गए हैं। अभियान के संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति भी गठित की गई है। उन्होंने बताया कि आठ अक्तूबर को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय स्तर पर अभियान का वर्चुअल शुभारंभ होगा। इसी समय जिले में भी जेओएसएच टीमों का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि होंगे, जबकि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा अध्यक्षता करेंगे। संवाद