फोटो
रुद्रप्रयाग। बच्छणस्यूं पट्टी के राजकीय इंटर कॉलेज बाड़ा में इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग के छात्र-छात्राएं थ्योरी के साथ अब भौतिकी व जीव विज्ञान विषय की प्रयोगात्मक पढ़ाई भी कर सकेंगे। यहां केंद्र पोषित समग्र शिक्षा अभियान के तहत 46 लाख रुपये की लागत से आधुनिक उपकरणों से लैस प्रयोगशाला तैयार की गई है। बीते 22 मई को विधायक भरत सिंह चौधरी ने प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण किया। अब जुलाई माह से यहां प्रयोगात्मक पढ़ाई भी हो सकेगी। साथ ही विज्ञान से जुड़ी अन्य गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा जिसका लाभ स्कूली बच्चों को मिलेगा। प्रधानाचार्य डाॅ. सुभाष पांडेय ने बताया कि जल्द ही यहां रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला का निर्माण किया जाएगा। स्वीकृति के लिए प्रस्ताव विभाग के माध्यम से निदेशालय को भेज दिया गया है। संवाद