बरसात से ऋषिकेश-बदरीनाथ और रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे समेत संपर्क मोटर मार्गों की हालत दयनीय है। बारिश के कारण जिले में सात सड़कें बंद हैं। इस कारण ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। जिले में कई स्थानों पर तेज व कुछ स्थानों पर कई दिन से हल्की बारिश हो रही है। इस कारण हाईवे समेत संपर्क मोटर मार्गों की हालत दयनीय हो रही है। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे सिरोहबगड़ व नरकोटा में अति संवेदनशील बना हुआ है। यहां पर पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने से यातायात घंटों बाधित हो रहा है। उधर, रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे भटवाड़ीसैंण से रामपुर तक कई स्थानों में मलबा व पत्थर गिरने से आए दिन बाधित हो रहा है। दूसरी तरफ जिले में कोटखाल-जखतोली, बर्सिल-बमोली, लमगौंडी-देवलीभणिग्राम, भौंसाल-तड़ाग, छेनागाड़-बक्सीर, नगरासू-डांडाखाल-धनपुर, जखनोली-गुप्तकाशी-ताल-जामण मोटर मार्ग बंद हो रखे हैं। मार्गों के बंद होने से क्षेत्रीय गांवों के ग्रामीणों को आवाजाही में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।