रुद्रप्रयाग। रांसी-मद्महेश्वर-पांडवसेरा-नंदीकुंड ट्रैकिंग रूट पर फंसे चार ट्रैकर का आपदा प्रबंधन टीम ने हेलिकॉप्टर से सकुशल रेस्क्यू किया। जबकि दल के अन्य सदस्य पैदल मार्ग से लौट आए हैं।
बुधवार को जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के नेतृत्व में गुलाबराय मैदान से हेलिकॉप्टर मद्मेश्वर घाटी के पांडवसेरा क्षेत्र पहुंचा। यहां 17 सदस्यीय ट्रैकिंग दल के चार सदस्य निरवान बिरला, अपर्णा चंद्रकांत देसाई, यशोवर्धन बिरला व भूमिका दुबे बीमार व घायल हो गए और यहां फंस गए। दल ने इसकी सूचना जिला आपदा प्रबंधन को दी। ऐसे में टीम यहां पहुंची और चारों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर गुलाबराय मैदान लाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लाया गया। मगर चारों ट्रैकर ने यहां उपचार लेने से इन्कार कर दिया था, जिसके बाद वह अन्यत्र चले गए। संवाद