फोटो
बसुकेदार। तहसील के क्यार्क बरसूड़ी में अगस्त 2025 की आपदा में पैदल मार्ग व पुलिया क्षतिग्रस्त हाे गई थी। मगर इसका निर्माण आज तक नहीं कराया गया। ग्राम प्रधान गीता देवी, सुरेन्द्र बिष्ट, हर्षवर्धन चौहान, मदन सिंह चौहान, रघुपाल पवार ने बताया कि यहां भैरव नाथ मंदिर, जूनियर हाईस्कूल व गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया व रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए थे लेकिन इनकी अभी तक मरम्मत नहीं हुई है। कई बार इस संबंध में शासन-प्रशासन से गुहार लगाई गई लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अब भैरव नाथ के प्राचीन मन्दिर की नींव खाली हो गई है और मंदिर को खतरा बना है। मार्ग की खस्ताहाल स्थिति के कारण गांव के स्कूली बच्चों और आम जन को परेशानी से मुख्य सड़क और विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। वहीं सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता संदीप सत्ती ने बताया कि ग्राम क्यार्क बरसूड़ी के मार्ग के लिए साढे़ चौदह लाख का आगणन शासन को भेजा गया है। वित्तीय स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरू होगा। संवाद