रुद्रप्रयाग। आपकी पूंजी, आपका अधिकार के तहत 5 दिसंबर को जिले के उपभोक्ताओं के लिए आउटरीच एवं क्लेम फैसिलिटेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर गुलाबराय मैदान के पास होगा। शिविर में उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर अपने सभी वित्तीय दावों के त्वरित निस्तारण की सुविधा मिलेगी। लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जिले के ऐसे उपभोक्ताओं को जागरूक करना और सुविधा प्रदान करना है जिनकी बैंक जमा राशि, बीमा पॉलिसी, शेयर, म्यूचुअल फंड की धनराशि लंबे समय से खाते में पड़ी हैं और उन्होंने इसे अभी तक नहीं लिया है। पात्र लाभार्थियों को उनकी जमा राशि एवं अन्य वित्तीय दावों के चेक मौके पर ही प्रदान किए जाएंगे। अधिकारियों ने जिले के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय राशि जो 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित है वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में आएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं। संवाद