रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत परिवार नियोजन दंपती संपर्क पखवाड़ा शुरू हो गया है। आगामी 10 जुलाई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में आशा व एएनएम योग्य दंपतियों से संपर्क कर परिवार नियोजन के प्रति जागरूक कर रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचसीएस मर्तोलिया ने बताया कि जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर दंपती संपर्क किया जा रहा है, जिससे परिवार नियोजन के प्रति ज्यादा से ज्यादा परिवारों को जागरूक किया जा सके। एसीएमओ डॉ. विमल सिंह गुसाईं ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव में परिवार नियोजन को बनाएंगे खुशियों का विकल्प थीम के साथ इस वर्ष जनसंख्या स्थिरीकरण अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर विश्व जनसंख्या पखवाड़े की शुरूआत होगी। जबकि 24 जुलाई तक चलने वाले विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के अंतर्गत प्रत्येक ब्लाॅक में महिला व पुरूष नसबंदी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर जिला समन्वयक पीसीपीएनडी डॉ. मनवर सिंह रावत मौजूद रहे। संवाद