रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ यातायात और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मद्महेश्वर यात्रा मार्ग को सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। रांसी से गौंडार तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग को दुरुस्त करने के साथ पैदल मार्ग को भी व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामग्री आसानी से पहुंच सके तथा यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि तुंगनाथ क्षेत्र में भी पैदल मार्ग और चोपता में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बनियाकुंड से आगे शटल सेवाएं शुरू की गई हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि द्वितीय और तृतीय केदार यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। संवाद