गौचर। नगर पालिका सभागार में आयोजित लोक कल्याण मेले में स्थानीय लोगों को स्वरोजगारपरक उद्यम अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बुधवार को स्वच्छता पखवाड़े के तहत हुए मेले में प्रधानमंत्री स्वनिधि ऋण योजना, सूर्य घर योजना, फेमिली आईडी, दीनदयाल, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन आदि योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कहा कि इससे न सिर्फ महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा बल्कि स्थानीय उत्पादों को बाजार भी मिलेगा। पालिका के ईओ हेमंत चौहान की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में एसबीआई, पीएनबी, सेंट्रल बैंक, जिला सहकारी बैंक, बाल विकास, कृषि आदि विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर अवर अभियंता राजीव चौहान, सुबोध रावत, रघुनाथ सिंह खत्री, रोशन सिंह पुंडीर, आशीष भंडारी और जय नेगी आदि मौजूद थे। संवाद