जिला स्तरीय प्रचालन समिति सातवीं आर्थिक गणना में प्रवासी लोगों की ओर से किए गए स्वरोजगार की गणना भी करेगी। जिला सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रचालन समिति के अध्यक्ष व जिला एवं अर्थ संख्या अधिकारी शशिकांत गिरी ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण राज्य में बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में जो प्रवासी पहुंचे हैं, उनमें से कुछ ने व्यवसाय तो किसी ने कोई अन्य कार्य शुरू किया है, जो गणना से बाहर है। उन्होंने सीएससी के जिला प्रभारी को नई गतिविधियों को आर्थिक गणना में शामिल करने के निर्देश दिए। सीएससी के जिला प्रभारी सुभाष नेगी ने बताया कि जिले में आर्थिक गणना का कार्य पूरा पूर्ण हो गया है, जिसके तहत कुल 94296 आर्थिक गणना इकाइयां पाईं गई हैं। बैठक में जिला पंचायतराज अधिकारी बसंत मेहता, अपर संख्याधिकारी सतेंद्र कुमार सेनी, संतोष कुमार, ध्रुव सिंह समेत समिति के अन्य सदस्या मौजूद थे।