अगस्त्यमुनि। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई की बैठक शिक्षक भवन में ब्लॉक अध्यक्ष अनूप नेगी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षकों की लंबित वेतन विसंगति, आयकर पेनल्टी और संगठन के मुद्दों पर चर्चा की गई। ब्लॉक मंत्री गिरिजेश सेमवाल ने कहा कि शिक्षकों को लंबे समय से 17140 न्यूनतम वेतन निर्धारण का लाभ नहीं मिल पाया है। इस मामले को जनपद एवं प्रांतीय नेतृत्व के माध्यम से शासन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जाएगी। वहीं आयकर समय पर जमा नहीं होने से लगे ब्याज और पेनल्टी के कारण शिक्षकों के वेतन आहरण में आ रही बाधा पर भी चिंता जताई गई। बैठक में संगठन की कार्यकारिणी के विस्तार और सदस्यता शुल्क पर चर्चा हुई। कोषाध्यक्ष नीलम बिष्ट ने आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में वैनी प्रसाद, महेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, रेखा रावत, उर्मिला शाह, अजय कुमार और रमेश कंडारी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। संवाद