अगस्त्यमुनि। खेल विभाग की ओर से आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ निम के देवेश बिष्ट ने जीती, जबकि महिला वर्ग में राबाइंका अगस्त्यमुनि की काजल विजेता रही।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर खेल विभाग की ओर से पुरुष एवं महिला वर्ग में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। इसे स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से बीडीओ सीपी सेमवाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ बेड़ूबगड़ पेट्रोल पंप तक तथा वहां से वापस स्टेडियम तक आयोजित की गई। पुरुष वर्ग में निम के देवेश बिष्ट प्रथम, परमवीर द्वितीय, आलोक तृतीय, अजय चतुर्थ, पवन पंचम तथा राजवीर छठे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में राबाइंका की काजल प्रथम, केंद्रीय विद्यालय की प्रतीक्षा द्वितीय, सोनम तृतीय, अमीषा चतुर्थ, आकृति पांचवें तथा राबाइंका की कशिश छठे स्थान पर रही। क्रॉस कंट्री के विजेताओं को बीईओ केएल रड़वाल तथा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गीता गोरखा ने पुरस्कार वितरित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी महेशी आर्य ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। संचालन आलोक नेगी ने किया। इस अवसर पर डॉ. मंजीत सिंह, निम के प्रदीप रावत, कमलेश जमलोकी, जितेंद्र रावत व नवीन आदि मौजूद थे।