तल्लानागपुर की ग्राम पंचायत मंदोला की ग्राम प्रधान ने गांव के पैतृक रास्ते का पुनर्निर्माण कराया है। इस कार्य में ग्रामीणों ने भी पूरा सहयोग किया है। दशकों से मदोला गांव के ग्रामीण पगडंडीनुमा रास्ते से आवाजाही कर रहे थे। साथ ही ग्रामीणों व महिलाओं को खेतों व जंगल से बोझा लाने में भी दिक्कत होती थी। पूर्व में कई ग्रामीण तंग रास्ते के चलते चोटिल भी हो चुके थे। अब, ग्राम प्रधान रोशनी देवी के प्रयास से इस पगडंडी को तीन फीट चौड़े रास्ते के रूप में विकसित करा दिया गया है। ग्राम प्रधान ने बताया कि रास्ते का पुनर्निर्माण मनरेगा में किया गया है जिससे गांव के ही लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने रास्ते के चौड़ीकरण के लिए खेत देने वाले परिवारों के प्रति भी आभार जताया है। ग्रामीण उमराव सिंह नेगी, कुंवर सिंह नेगी, बलवंत सिंह, जयकृत सिंह, हुकुम सिंह नेगी, दिनेश सिंह, सतेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, ताजबर सिंह, दिग्पाल नेगी, सत्यपाल सिंह नेगी, धीरज नेगी ने ग्राम प्रधान की प्रशंसा की।