रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने को लेकर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने जिलाधिकारी को पत्र देकर यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था कड़ाई से लागू करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों के कारण धाम की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने आठ मांगें रखते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर मांस-मदिरा पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए और माहौल खराब करने वाले बाहरी तत्वों पर सख्त कार्रवाई कर उन्हें जिला बदर किया जाए। उन्होंने डंडी-कंडी, पालकी और घोड़ा-खच्चर संचालन में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने, मंदिर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, फर्जी साधु-संतों के खिलाफ कार्रवाई, हथियारों की जांच और नशीले पदार्थों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। संवाद