रुद्रपुर में तेज रफ्तार कार चलाकर एक बुजुर्ग को कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में मृतक के बेटे ने पुलिस को तहरीर सौंपी थी।
जाजूनगर वार्ड नंबर एक बहेड़ी (बरेली) निवासी अनुपम सक्सेना ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसकी मां का रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बीते 12 जनवरी को उसके पिता अजय सक्सेना मां की दवा लेने पैदल ही बाजार की ओर जा रहे थे। किच्छा रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे एक कार सवार ने उसके पिता को टक्कर मारी और फरार हो गया। घायल पिता को लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।