रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि कुछ समय पूर्व बिहार का रहने वाला एक परिवार उनके संपर्क में आया। बेहद गरीब तबके के इस परिवार में छह बेटियां हैं। गरीब की बेटी जानकर उसने दो माह पूर्व अपने बेटे की शादी उस परिवार की एक बेटी से कर दी, जिसके लिए उन्हें बिहार जाना पड़ा। आरोप है कि दो माह तक सब कुछ ठीक चलता रहा। बीते बृहस्पतिवार रात का सारा परिवार खाना खाकर सो गया था। सुबह जब सबकी नींद खुली तो बहू घर से गायब थी। आसपास पता करने पर भी बहू का कोई सुराग नहीं मिला तो संदेह के आधार पर उन्होंने घर में छानबीन की तो घर में रखी हजारों की नकदी और लाखों के जेवरात गायब मिले। महिला ने बहू पर नकदी और जेवरात लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।